कटहरा टोला ऊसरहा नर्सरी में मामूली बात पर युवक को मारा चाकू, एक खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

झनझनपुर (महराजगंज)कोतवाली क्षेत्र के कटहरा टोला ऊसरहवा नर्सरी में मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया और एक युवक को गंभीर चोट के साथ अस्पताल पहुंचना पड़ा। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर गुरुवार की शाम एक नामजद आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कटहरा टोला ऊसरहवा नर्सरी में बुधवार की रात दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के युवक अखिलेश ने कथित रूप से चाकू निकालकर महेंद्र पर हमला कर दिया। हमले में महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भिजवाया और मामले की जानकारी जुटाई। पीड़ित के भाई रामसूरत ने कोतवाली पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपित अखिलेश के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के सही कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। बागापार चौकी प्रभारी जटाशंकर सिंह ने बताया कि मामले में एक नामजद आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

झनझनपुर संवाददाता – रंजीत शर्मा की रिपोर्ट

Check Also

जन्म-मृत्यु पंजीकरण में देरी पर बदले नियम, अब दो साल तक DM के अधिकृत अधिकारी से मिलेगा आदेश

निचलौल(महराजगंज़)जन्म-मृत्यु पंजीकरण को लेकर उत्तर प्रदेश में नई व्यवस्था लागू की गई है। चिकित्सा एवं …