निचलौल(महराजगंज़)विकास खंड निचलौल में एक रोजगार सेवक की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों ने सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि भेड़िया ग्राम पंचायत के निवासी रोजगार सेवक जयग्रीष पटेल से भेड़िया के अलावा बजहा उर्फ अहिरौली और भेड़ियारी ग्राम पंचायतों का भी कार्य लिया जा रहा है। ग्रामीण व्यंग्य करते हुए कहते हैं कि क्या रोजगार सेवक “हनुमानजी की तरह दौड़कर” तीनों ग्राम पंचायतों में एक ही दिन हाजिरी लगा रहे हैं?ग्रामीणों के अनुसार, भेड़िया से बजहा उर्फ अहिरौली की दूरी करीब 18 किलोमीटर और भेड़ियारी की दूरी लगभग 21 किलोमीटर है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि एक ही दिन में तीन अलग-अलग ग्राम पंचायतों में पहुंचकर मनरेगा कार्यों का निरीक्षण और उपस्थिति कैसे दर्ज की जा रही है।ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित रोजगार सेवक के नाम से तीनों ग्राम पंचायतों में मोबाइल आधारित हाजिरी प्रणाली संचालित हो रही है। उनका कहना है कि यदि बिना मौके पर मौजूद हुए उपस्थिति दर्ज की जा रही है, तो यह गंभीर जांच का विषय है। उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि कहीं किसी अन्य मोबाइल या तकनीकी माध्यम से हाजिरी तो नहीं लगाई जा रही।ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित रोजगार सेवक एवं विभागीय अधिकारियों का पक्ष सामने आना शेष है।
जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News