महराजगंज ।भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में रविवार की शाम भूमि विवाद को लेकर एक अधेड़ की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। घटना करीब शाम छह बजे की बताई जा रही है, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल फैल गया है। मृतक की पहचान भैंसा निवासी विनोद तिवारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विनोद तिवारी और पड़ोसी बैजनाथ वर्मा के बीच घरों के बीच स्थित करीब पांच फीट चौड़े रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस भूमि पर पहले से विनोद तिवारी ने न्यायालय से स्टे भी ले रखा था, इसके बावजूद बैजनाथ वर्मा द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी विवाद में दोनों पक्षों का चार बार 151 में चालान भी हो चुका था। बार-बार निर्माण कार्य में रुकावट आने से बैजनाथ वर्मा में गहरी रंजिश पनप गई थी। रविवार की शाम जब विनोद तिवारी गांव के बाहर पुल के पास बैठे थे, तभी बैजनाथ वर्मा वहां पहुंचा और ललकारते हुए उन पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि विनोद कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बैजनाथ ने उनके गले पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल विनोद को परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सीओ सदर जयप्रकाश तिवारी तथा तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस ने घटना से जुड़े दो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और घटना के सभी पहलुओं की जांच तेजी से की जा रही है।
संवाददाता – श्रवण कुमार वर्मा की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News