सिंदुरिया(महराजगंज)चौक थाना क्षेत्र के मधुबनी पोखरा टोला में शुक्रवार भोर करीब चार बजे जहरीले करैत सांप के डसने से मां-बेटे की हालत बिगड़ गई। हादसे में 11 वर्षीय अर्पित की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सुगंधा गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।परिजनों के अनुसार, सुगंधा अपने छोटे बेटे अर्पित के साथ कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान एक करैत सांप खिड़की के सहारे कमरे में दाखिल होकर बेड पर जा गिरा। सांप ने सबसे पहले अर्पित के दाहिने हाथ में डस लिया। दर्द से बच्चे के शोर मचाने पर सुगंधा की नींद खुल गई।
उन्होंने लाइट जलाकर बेटे को देखने का प्रयास किया। इसी दौरान चादर में छिपे सांप ने सुगंधा के गाल पर भी डस लिया।मां-बेटे की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में दोनों को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अर्पित को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुगंधा की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।अर्पित के जीवित होने की उम्मीद में परिजन उसका शव गाजीपुर के अमवा स्थित सती माता मंदिर लेकर पहुंचे। वहां करीब 20 मिनट तक झाड़-फूंक कराई गई। महंत द्वारा बच्चे की मौत की पुष्टि किए जाने के बाद परिजन शव लेकर वापस लौट आए।इधर, घटना की जानकारी मिलने पर वन्यजीव रक्षक रामबचन साहनी की टीम गांव पहुंची। टीम ने कमरे और आसपास के स्थानों की तलाशी शुरू की। काफी खोजबीन के बाद करैत सांप हेलमेट के फोम के अंदर छिपा मिला। वन्यजीव रक्षक टीम ने सावधानीपूर्वक सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्पित लिटिल एंजल एकेडमी में कक्षा दो का छात्र था। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मां के गंभीर रूप से अस्पताल में भर्ती होने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। घटना ने ग्रामीणों को भी भयभीत कर दिया है। स्थानीय लोगों ने घरों में सोते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
सिंदुरिया सवांददाता-रिंकू गुप्ता कि रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News