मदनपुरा गोसदन में फिर उठा सामान ले जाने का विवाद, ग्रामीणों ने टेम्पो रोककर पुलिस को दी सूचना

महराजगंज।विकास खण्ड मिठौरा क्षेत्र के मदनपुरा स्थित गोसदन में सोलर पैनल चोरी का मामला अभी थमा भी नहीं था कि बीती रात गोसदन से सामान ले जाने को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आ गया। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान सहित कुछ अन्य लोगों पर रात के अंधेरे में टेम्पो से गोसदन का सामान ले जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों द्वारा टेम्पो रोकने के बाद मौके पर कहासुनी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार, मदनपुरा गोसदन करीब एक माह पूर्व ही बंद कर सील कर दिया गया था। हालांकि, गोसदन के रख-रखाव के लिए एक महिला मजदूर को वहां रखा गया है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब गोसदन बंद और सील है तथा रख-रखाव के लिए महिला मजदूर मौजूद है, तो रात के समय इन्वर्टर, चारा काटने की मशीन सहित अन्य सामान टेम्पो में भरकर बाहर कैसे ले जाया जा रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, बीती रात ग्राम प्रधान सहित कुछ अन्य लोग कथित रूप से गोसदन से इन्वर्टर, चारा काटने की मशीन और अन्य सामान टेम्पो में लादकर ले जा रहे थे। इसकी भनक लगने पर ग्रामीणों ने टेम्पो को रास्ते में रोक लिया। मौके पर ग्रामीणों और प्रधान पक्ष के बीच कहासुनी होने लगी। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और टेम्पो में लदे सामान को थाने ले गई। गौरतलब है कि इससे पहले भी मदनपुरा गोसदन से सोलर पैनल चोरी होने का मामला सामने आया था, जिसको लेकर थाना निचलौल में लिखित शिकायत दी गई थी। उस मामले की चर्चा अभी चल ही रही थी कि अब दूसरी बार गोसदन से सामान ले जाने का मामला प्रकाश में आने से ग्रामीणों में तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं।

जिला प्रभारी -विजय कुमार पाण्डेय कि रिपोर्ट

Check Also

सोते समय करैत ने मां-बेटे को डसा, मासूम की मौत; मां की हालत गंभीर

🔊 Listen to this सिंदुरिया(महराजगंज)चौक थाना क्षेत्र के मधुबनी पोखरा टोला में शुक्रवार भोर करीब …