निचलौल(महराजगंज) स्थानीय तहसील क्षेत्र में डीजल की किल्लत से किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। किसानों का कहना है कि धान की नर्सरी और खेतों की सिंचाई के लिए डीजल नहीं मिल पा रहा है, जिससे धान के बीया सूखने लगे हैं। पानी चलाने के लिए पंपिंग सेट बंद पड़े हैं और किसान दिन-रात पेट्रोल पंपों पर लाइन लगाने को मजबूर हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि कल शाम से ही कई लोग डीजल लेने के लिए लाइन में लगे रहे, लेकिन तेल वितरण के समय उन्हें पीछे कर पहले बड़े और प्रभावशाली लोगों को डीजल दे दिया गया। इससे गरीब और छोटे किसान पूरी रात भूखे-प्यासे लाइन में खड़े रहे, लेकिन उन्हें डीजल नहीं मिल सका। महिलाएं भी अपने परिवार की खेती बचाने के लिए रातभर पेट्रोल पंप पर लाइन लगाकर बैठी रहीं। कई महिलाएं बच्चों के साथ जमीन पर ही रात गुजारने को मजबूर दिखीं। किसानों का कहना है कि यदि जल्द डीजल की व्यवस्था नहीं हुई तो धान की खेती पूरी तरह प्रभावित हो सकती है और भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों के लिए अलग से डीजल वितरण की व्यवस्था की जाए और प्राथमिकता के आधार पर खेती-किसानी के कार्य के लिए तेल उपलब्ध कराया जाए, ताकि समय पर सिंचाई हो सके और फसल बचाई जा सके।
जिला प्रभारी-विजय कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News