महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र स्थित सिंदुरिया में डीजल की भारी मांग के चलते किसानों को पेट्रोल पंप पर रात गुजारनी पड़ रही है। धान की बेहन गिराने और खेतों की सिंचाई के लिए डीजल की जरूरत बढ़ने से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं। हालत यह है कि किसान चारपाई और बिस्तर लेकर पेट्रोल पंप पर ही डेरा डाल रहे हैं ताकि समय पर डीजल मिल सके।गुरुवार रात से ही सिंदुरिया पेट्रोल पंप पर किसानों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। डीजल लेने
के लिए लाइन में लगने को लेकर कुछ किसानों के बीच हाथापाई भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। किसान बोतल, गैलन और डिब्बे लेकर घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कई किसानों ने बताया कि उन्हें यह भी जानकारी नहीं मिल पा रही कि डीजल कब मिलेगा और कब खत्म हो जाएगा।पिपरा कल्याण निवासी किसान कमलेश गुप्ता ने बताया कि धान की खेती का यह सबसे महत्वपूर्ण समय है। खेतों में पानी पहुंचाने के लिए पंपसेट चलाना जरूरी है, लेकिन डीजल की किल्लत से खेती प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि किसान पूरी रात पेट्रोल पंप पर रुकने को मजबूर हैं। वहीं किसान अनुप ने कहा कि सरकार की सभी अपीलों का पालन करने के बावजूद खेती के इस मौसम में पर्याप्त डीजल नहीं मिल पा रहा है। समय पर धान की बेहन नहीं पड़ने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।पतरेगवां निवासी विजय अंगारा ने बताया कि नहरों में पर्याप्त पानी नहीं आने से किसानों को निजी पंपसेट पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ऐसे में डीजल की कमी किसानों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए डीजल बेहद जरूरी है, लेकिन मांग अधिक होने के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।उधर सिंदुरिया पेट्रोल पंप संचालक नवल गुप्ता ने बताया कि खेती के सीजन में अचानक भीड़ बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप पर लाइनें काफी दूर तक लग रही हैं। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी एस.पी. सिंह ने कहा कि जिले में डीजल की कोई कमी नहीं है, केवल सीजनल मांग बढ़ने के कारण भीड़ अधिक दिखाई दे रही है।