नगर पंचायत के कर्मचारियों पर सीमांकन पिलर चोरी का आरोप

निचलौल(महराजगंज)नगर पंचायत निचलौल के हरेडीह मोहल्ले में मंगलवार की रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी अशोक पाण्डेय ने नगर पंचायत के कर्मचारियों पर उनकी जमीन के सीमांकन के लिए लगाए गए पिलरों को जबरन उखाड़कर वाहन में भर ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित अशोक पाण्डेय के अनुसार, उन्होंने करीब चार वर्षों तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद हाल ही में राजस्व विभाग के लेखपाल और नगर पंचायत के टैक्स लिपिक की उपस्थिति में अपनी भूमि का सीमांकन कराया था। सीमांकन के पश्चात चिन्हित सीमा पर पिलर भी स्थापित किए गए थे। घटना के रात करीब 10 बजे नगर पंचायत की एक सरकारी गाड़ी कुछ कर्मचारियों के साथ उस स्थल पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कर्मचारी पिलरों को तोड़-फोड़ कर जबरन गाड़ी में लादने लगे। अशोक पाण्डेय को जब इसकी जानकारी मिली, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्हें देखकर कुछ कर्मचारी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस की डायल 112 टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। अशोक पाण्डेय ने इस संबंध में नगर पंचायत कर्मियों पर सरकारी प्रक्रिया का उल्लंघन, जबरन सीमांकन हटाने और अराजकता फैलाने का गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Check Also

डीजल के लिए पेट्रोल पंप पर रात गुजार रहे किसान, धान की बेहन में हो रही देरी

🔊 Listen to this महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र स्थित सिंदुरिया में डीजल की भारी मांग …