सिंदुरिया(महराजगंज) विकास खण्ड मिठौरा क्षेत्र के ग्राम सभा लेदवा में नहर से रामनिवास के घर होते हुए चंदन दूबे के घर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर नाले की सीमेंटेड स्लैब टूट जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब 20 मीटर के दायरे में तीन जगह स्लैब टूट जाने से आए दिन दोपहिया वाहन चालक और साइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार यह गांव का मुख्य रास्ता है, जहां दिनभर लोगों और वाहनों का आवागमन बना रहता है। स्लैब टूटने के कारण सड़क का अधिकांश हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और केवल किनारे से पैदल निकलने की जगह बची है। ऐसे में आमने-सामने वाहन आने पर हादसे की आशंका बढ़ जाती है।ग्रामीण अनुप , लाल बहादुर, पियारे, सुकई आदि ने बताया कि काफी दिनों से स्लैब टूटी हुई है, जिससे छोटे बच्चे भी गिरकर चोटिल हो चुके हैं। अनुप के घर से उनके घर तक की दूरी 20 मीटर भी नहीं है, लेकिन इसी बीच तीन जगह स्लैब टूटी हुई है और वहीं सड़क पर मोड़ भी है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द टूटी स्लैब की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
सिंदुरिया संवाददाता – रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News