महाराजगंज में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा को लेकर विशाल रैली

महाराजगंज। भारत के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के उद्देश्य से बुधवार को जनपद महाराजगंज में भारत मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा, बहुजन क्रांति मोर्चा एवं राष्ट्रीय परिवर्तन मोर्चा के संयुक्त नेतृत्व में राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत विशाल महा रैली का आयोजन किया गया। यह रैली आरएसएस और बीजेपी द्वारा कथित रूप से बामसेफ एवं भारत मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन की अनुमति रद्द किए जाने के विरोध में निकाली गई।रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में संविधान की रक्षा और लोकतंत्र बचाने से संबंधित तख्तियां लेकर नारेबाजी की। इस दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार और उससे जुड़ी ताकतें लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं तथा सामाजिक संगठनों की आवाज को दबाया जा रहा है। सभा को संबोधित करते हुए एडवोकेट वकील प्रजापति, कपिलदेव कुमार, सुनील कुमार, अरविंद निषाद, एडवोकेट यशवंत कुमार सिंह, एडवोकेट मंजू सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि बामसेफ और भारत मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन की अनुमति रद्द किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने इसे संविधान प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताया। रैली में सूर्यमणि, आशा, अर्चना, रामसेवक, शांति, गीता गरिमा, सविता, मीणा, बिद्रावती, लौजरी, कलावती देवी, मुकेश, सुरेश सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वक्ताओं ने एकजुट होकर संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।आंदोलन के दौरान प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह राष्ट्रव्यापी आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली और संगठनों को अपने कार्यक्रम आयोजित करने की स्वतंत्रता सुनिश्चित नहीं की जाती।

संवाददाता -कपिल देव  की रिपोर्ट

Check Also

मकर संक्रांति खिचड़ी मेले में उमड़ा जनसैलाब, नगर पंचायत चौक बना आस्था और उत्सव का केंद्र

🔊 Listen to this महाराजगंज। नगर पंचायत चौक में गुरुवार को मकर संक्रांति के पावन …