क्रासर – स्पीड राडार गन से सख्ती, 30 हजार रुपये जुर्माना, त्योहार से पहले हाईवे पर बढ़ाई गई चौकसी
झनझनपुर (महराजगंज)आगामी त्योहारों के मद्देनज़र सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को यातायात पुलिस ने जनपद के विभिन्न स्थानों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। प्रभारी यातायात एपी सिंह मय टीम ने लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और मोबाइल के प्रयोग से जुड़े नियमों की जानकारी दी और सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया।इसी क्रम में थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र अंतर्गत परतावल–गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 730 पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। हाईवे पर तेज रफ्तार के कारण बढ़ रही दुर्घटनाओं को देखते हुए स्पीड राडार गन लगाकर वाहनों की गति मापी गई। निर्धारित सीमा से अधिक रफ्तार में चल रहे वाहन चालकों को रोककर न केवल समझाइश दी गई, बल्कि नियम विरुद्ध पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई भी की गई। प्रभारी यातायात एपी सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान 15 वाहनों का चालान कर कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क हादसों में कमी लाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने अपील की है कि त्योहारों के उत्साह में लापरवाही न बरतें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और स्वयं के साथ दूसरों की जान भी सुरक्षित रखें।
झनझनपुर संवाददाता – रंजीत शर्मा की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News