सुरक्षा व आत्मनिर्भरता पर हुआ विशेष संवाद, पुलिस ने साझा किए हेल्पलाइन नंबर
करीब 60 महिलाओं-बालिकाओं ने ली सक्रिय भागीदारी
झनझनपुर (महराजगंज)महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को समर्पित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा रेहाव में बहनों-बेटियों के लिए जागरूकता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 60 महिलाओं एवं किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने अधिकारों व सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां प्राप्त कीं।सम्मेलन में उपनिरीक्षक नेहा यादव के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार तथा साइबर अपराध जैसे गंभीर मुद्दों के प्रति सचेत किया। साथ ही आपात स्थिति में उपयोगी हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 102 और 181 की जानकारी विस्तार से दी गई।बालिकाओं को सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव, अनजान लोगों के बहकावे में आने से उत्पन्न खतरों तथा घर छोड़ने जैसी घटनाओं के संभावित दुष्परिणामों के बारे में भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने आयोजन को ज्ञानवर्धक बताते हुए पुलिस टीम की पहल की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। महिला आरक्षी चंदा यादव व साधना चौबे भी मौजूद रहीं।
झनझनपुर संवाददाता – रंजीत शर्मा की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News