निचलौल(महराजगंज) स्थानीय तहसील क्षेत्र के भेड़िया ग्राम पंचायत में बने मनरेगा पार्क को लेकर बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। लगभग ₹32 लाख की लागत से बनाए गए इस पार्क में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि पर यह पार्क दिखाया गया है, वह पहले से ही समतल थी, फिर भी मिट्टी समतलीकरण और मजदूरी भुगतान के नाम पर लाखों रुपये खर्च दिखाए गए।आरोप है कि एक ही कार्य के लिए तीन अलग-अलग एस्टीमेट तैयार किए गए। मनरेगा और ग्राम निधि, दोनों मदों से भुगतान किया गया, साथ ही निजी व्यक्तियों के खातों में सीधे धनराशि भेजी गई। इस मामले में मनरेगा डीसी, जिला स्तरीय अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी में जांच की गई। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान कई अधिकारियों की संलिप्तता के संकेत भी मिले हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जांच टीम के कुछ सदस्य फर्जी भुगतान पर पर्दा डालने में लगे हैं, जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।ग्रामीणों ने मांग की है कि इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि पारदर्शी जांच न हुई, तो वे जन आंदोलन खड़ा करेंगे।
जिला प्रभारी-विजय कुमार पाण्डेय कि रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News