यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुँचे महराजगंज किया हवाई सर्वेक्षण, पीड़ितों में वितरण की राहत सामग्री

महराजगंज:-जनपद में बाढ़ की स्थिति व बाढ़ बचाव की तैयारियों का जायजा लेने व बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री का वितरण करने के लिए मा. मुख्यमंत्री उ. प्र. शासन श्री योगी आदित्यनाथ का जनपद के धानी विकासखंड के महेशराम अशोक कुमार कन्या इंटर कॉलेज में आगमन हुआ।

राहत शिविर में मौजूद बाढ़ पीड़ितों को संबोधित करते हुए मा. मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मैंने अभी-अभी धानी विकासखंड के उन गांवों का हवाई सर्वेक्षण किया है, जहां पर पिछले सप्ताह की बाढ़ का सामना लोगों को करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर महीने में पहली बार इस तरह के बाढ़ का सामना हम सबको करना पड़ रहा है। फिरभी बाढ़ की इस स्थिति में केंद्र व प्रदेश की सरकार, सभी जनप्रतिनिधिगण एवं जिला प्रशासन के सभी अधिकारी आपकी सेवा में तत्परता के साथ खड़े हैं। केंद्र और राज्य सरकार ने सभी पीड़ित परिवारों की सभी प्रकार की सहायता के लिए पर्याप्त धनराशि और सामग्री सभी प्रभावित जनपदों को उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि जहां पर घरों में पानी घुस गया है, वहां पर भोजन के पैकेट और जहां पर भोजन बनाना संभव है वहां पर राशन किट उपलब्ध कराया गया है, जिसमें 10 किग्रा चावल, 10 किग्रा आटा, 05 किग्रा लाई, 02 किग्रा अरहर की दाल व गुड़ एवं अन्य जरूरी सामग्रियां मौजूद हैं। इसके साथ ही महिलाओं के लिए डिग्निटी किट भी शासन द्वारा दिया जा रहा है। केरोसिन तेल भी जिला प्रशासन द्वारा लोगों को उपलब्ध कराया गया है। आपदा में जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने हेतु 01 लाख 20 हजार की दर से धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से बाढ़ आपदा में मौत की स्थिति में पीड़ित परिवार को ₹ 04 लाख की राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी प्रकार यदि आपदा में किसी का अंगभंग हुआ है तो उन लोगों 75 हजार से 2.5 लाख की धनराशि उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने कहा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण फसलों को हुए नुकसान के सर्वेक्षण के निर्देश जिला प्रशासन को दिया गया है। शीघ्र ही पीड़ित किसानों को मुआवाज राशि उनके खाते में उपलब्ध करा दिया जाएगा। सूखे और फिर बाढ़ से पीड़ित किसानों को सरकार द्वारा दलहन, तिलहन, सब्जी आदि के मुफ्त बीज भी उपलब्ध कराये जा रहे हैं, ताकि उनकी खेती प्रभावित न होने पाए।
मा. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि बाढ़ और जल-जमाव वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में नौकाओं की व्यवस्था कर पीड़ित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जाये। बाढ़ और बारिश का पानी निकलने के बाद साफ-सफाई, दवावों के छिड़काव और विद्युत आपूर्ति व सड़कों की मरम्मत के कार्य को प्राथमिकता पर रखते हुए किया जाए। मा. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि दीपावली से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कर लिया जाए ताकि किसी को कोई असुविधा न होने पाए और सभी लोग दीपावली पर्व हर्षोल्लास से मनायें। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को आश्वस्त करते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार सभी तरह से जनता-जनार्दन की सेवा के लिए तत्पर है और लोगों को सभी प्रकार की जरूरी सहायता उपलब्ध करायी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन भी आपकी सेवा में उपस्थित हैं।
इससे पूर्व मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड द्वितीय राजीव कपिल से लिया गया। उन्होंने बाढ़ राहत केंद्र के विभिन्न कक्षों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष, बाढ़ चौकी कक्ष, आपदा स्टोर, बाढ़ शरणालय, आपदा पीड़ित परिवारों के बच्चों के लिए बने मनोरंजन कक्ष व बालवाड़ी को देखा। बाढ़ शरणालय में उन्होंने चौका निवासी बाढ़ पीड़ित रामकेवल व उनके बच्चों से बात की और उनका हालचाल लिया। इसी प्रकार बच्चों के मनोरंजन कक्ष में उन्होंने सोना, अर्जुन, खुशी और मनोज से उनका हालचाल लिया और उन्हें गिफ्ट पैक दिया। मा. मुख्यमंत्री जी मिलकर बाढ़ पीड़ित परिवार व बच्चे बहुत अधिक प्रसन्न थे।
इसके बाद मा. मुख्यमंत्री जी ने बाढ़ पीड़ित लोगों में बृजेश पुत्र रामनयन, शीला देवी पत्नी अर्जुन, महगू पुत्र संभद्र, अमरावती पत्नी योगेंद्र और बृजलाल पुत्र सोती को गृह हानि हेतु मुआवजा राशि का चेक वितरित किया, जबकि दिनेश पुत्र हरिबंश को पशुहानि के लिए अनुदान राशि का चेक दिया। इनके अतिरिक्त 13 अन्य लोगों को भी अनुदान चेक वितरित किया गया।
मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा आशा, रामकेवल, चिरकुट, मालती, रोहित, संतोषी, सुदर्शन समेत कुल 52 लोगों को राशन किट वितरित किया गया, जबकि मौके पर कुल 120 लाभार्थियों को राशन किट का वितरण किया गया।
इस अवसर पर मा. जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रविकांत पटेल, मा. विधायक पनियरा श्री ज्ञानेंद्र सिंह, मा. विधायक सिसवा श्री प्रेम सागर पटेल, मा. विधायक नौतनवा श्री ऋषि त्रिपाठी, मा. विधायक फरेंदा श्री विरेंद्र चौधरी, मा. सदस्य विधान परिषद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक फरेंदा श्री बजरंग बहादुर सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष परदेसी रविदास उपस्थित रहे।

Check Also

गुडवत्ता विहीन सामग्री से हो रही है इंटरलॉकिंग,जेई व सचिव बने मुखदर्शक

🔊 Listen to this निचलौल(महराजगंज)इंटरलॉकिंग कार्य के गुणवत्ता को ताख पर रखे जेई व सचिव …