पीडब्ल्यूडी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जांच व कार्रवाई की मांग की
सिंदुरिया(महराजगंज)सदर तहसील क्षेत्र के सिंदुरिया–झनझनपुर मार्ग पर बाल्मिकी चौराहा (कसमरियां) के पास नवनिर्मित पुलिया की व्यवस्था हल्की बारिश में ही सवालों के घेरे में आ गई है। पुलिया के दोनों तरफ पर्याप्त मिट्टी भराई और सड़क का समुचित समतलीकरण नहीं होने के कारण बारिश होते ही पूरा हिस्सा कीचड़ में तब्दील हो जाता है। इससे राहगीरों के साथ-साथ मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक पुलिया निर्माण के बाद आसपास की सड़क को आवागमन के लिए सुरक्षित बनाने की दिशा में अपेक्षित कार्य नहीं कराया गया। बारिश के बाद कीचड़ और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन अनियंत्रित होकर गिरने का खतरा बना रहता है। कई महिलाएं स्कूटी से गिर चुकी हैं, जबकि अन्य राहगीरों को भी चोटें लगने की घटनाएं सामने आई हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य से जुड़ी समस्या की जानकारी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और संबंधित ठेकेदार को होने के बावजूद अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिया के दोनों ओर मिट्टी भराई, गिट्टी डालकर मजबूती और सड़क का समुचित समतलीकरण समय से करा दिया जाता तो राहगीरों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
लापरवाही की जांच की उठी मांग
ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण और उसके आसपास कराए गए कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में यदि मानकों की अनदेखी या लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। साथ ही पुलिया के दोनों तरफ तत्काल मिट्टी भराई एवं सड़क को सुरक्षित आवागमन योग्य बनाने की मांग की गई है।
समस्या दूर नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो वे जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग करेंगे। इसके बाद भी समस्या बनी रही तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क आम लोगों के आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए विभाग को किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और पीडब्ल्यूडी के उच्चाधिकारियों से मौके पर स्थलीय निरीक्षण कराने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने तथा दोष मिलने पर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
Star Public News Online Latest News