महराजगंज।विकास खंड पनियरा अंतर्गत एक ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान के खिलाफ विकास कार्यों में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय निवासी द्वारा दिए गए शपथ पत्र के आधार पर पूरे मामले की जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में ग्राम पंचायत को प्राप्त विकास निधि का दुरुपयोग किया गया। आरोप है कि कई कार्य कागजों में पूरे दिखाकर फर्जी बिल-वाउचर के माध्यम से लाखों रुपये का भुगतान कर दिया गया, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग बताई जा रही है। इसके साथ ही कुछ निजी फर्मों को बिना मानक के भुगतान किए जाने और कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी का भी आरोप है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि ग्राम प्रधान द्वारा अपने निजी हितों के लिए पंचायत निधि का उपयोग किया गया, जो नियमों के विपरीत है।एक अन्य गंभीर आरोप यह भी है कि कई दस्तावेजों पर ग्राम प्रधान के स्थान पर उनके पति द्वारा हस्ताक्षर किए गए हैं, जो प्रशासनिक प्रक्रिया का उल्लंघन माना जा रहा है। इस पूरे मामले में दस्तावेजों की फोरेंसिक जांच की भी मांग की गई है शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
संवाददाता – श्रवण कुमार वर्मा की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News