सिंदुरिया(महराजगंज) सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मोहनापुर में रविवार शाम चाय दुकान संचालक और उसकी भतीजी पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मीरा देवी ने बताया कि उनके पति किशन चौहान गांव के मंदिर के पास चाय की दुकान चलाते हैं। रविवार को पुरानी रंजिश को लेकर पट्टीदारी के कुछ लोगों तथा मोनू शर्मा और निवास शर्मा के बीच दिन में कहासुनी हुई थी। आरोप है कि शाम को मोनू शर्मा और निवास शर्मा दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।जब किशन चौहान ने दुकान पर गाली देने से मना किया, तो आरोपी नाराज हो गए और उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमला गले पर किया गया, लेकिन झटके से बचने के कारण चाकू दाहिनी बगल के नीचे जा लगा। शोर सुनकर उनकी भतीजी प्रिया चौहान मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने लगी, तभी आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। प्रिया के पीठ में रीढ़ के पास चाकू लगने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी।घटना के बाद आसपास के लोगों के जुटने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजनों ने दोनों घायलों को केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सिंदुरिया थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मुख्य आरोपी मोनू शर्मा को सोमवार तड़के करीब 2:15 बजे मुखबिर की सूचना पर अरनहवा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
सिंदुरिया संवाददाता – रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट
Star Public News Online Latest News