केवलापुर खुर्द में आग लगने से जलकर खाक हुई दो आवासीय झोपड़ियां

झनझनपुर (महराजगंज)सदर क्षेत्र के ग्रामसभा केवलापुर खुर्द के अहीरौटी टोले में शनिवार देर रात अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग में दो आवासीय झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। इस हादसे में पीड़ित परिवारों का लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मवेशी झुलस गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 12 बजे शंभू यादव और चंद्रेश यादव की झोपड़ियों में अचानक आग लग गई। झोपड़ियों से उठती लपटें देख परिजनों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी ढोकर करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ियों में रखा चारपाई, कपड़े, बर्तन, अनाज, नकदी, जेवर और साइकिल समेत सारा सामान जलकर राख हो चुका था। आग की चपेट में आए मवेशियों को ग्रामीणों ने रस्सी काटकर बाहर निकाला और उनकी जान बचाई, हालांकि वे झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। समाजसेवी रवींद्र जैन ने बताया कि दोनों पीड़ित परिवार बेहद गरीब हैं और इस हादसे में उनका लगभग पूरा आशियाना उजड़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ितों को तत्काल राहत और मुआवजा देने की मांग की है। सूचना मिलने पर लेखपाल अनुप्रिया चौरसिया मौके पर पहुंचीं और क्षति का आकलन किया। उन्होंने बताया कि आग से हुए नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है, ताकि पीड़ितों को जल्द से जल्द सहायता मिल सके।

झनझनपुर संवाददाता – रंजीत शर्मा की रिपोर्ट

Check Also

युवक पर जानलेवा हमला, जिला अस्पताल रेफर

🔊 Listen to this महराजगंज।निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कोहडवल में शनिवार की दोपहर …