महराजगंज में पोस्टर विवाद: सीएम योगी की तस्वीर गायब, उठा सियासी तूफान

महराजगंज:- जिले में एक विवादित पोस्टर ने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हलचल मचा दी है। जिले के प्रमुख चौराहों पर लगाए गए इस होर्डिंग में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर न होना चर्चा और सवालों का विषय बन गया है।यह पोस्टर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के स्वागत में लगाया गया था, जिसमें “नेक्स्ट जनरेशन GST रिफॉर्म्स – आम आदमी की जेब को राहत, अर्थव्यवस्था को गति” जैसा संदेश अंकित है। पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और पंकज चौधरी की तस्वीरें प्रमुखता से हैं। साथ ही जिले के तीनों विधायकों और अन्य स्थानीय नेताओं की तस्वीरें भी मौजूद हैं। लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर गायब है।इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल महराजगंज के जिला अध्यक्ष विशाल पुष्कर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह कोई साधारण भूल नहीं बल्कि हिंदू समाज की भावनाओं के साथ जानबूझकर किया गया खिलवाड़ है। उनके अनुसार, योगी आदित्यनाथ केवल मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि हिंदू हृदय सम्राट के रूप में भी जाने जाते हैं और उनकी उपेक्षा करना संगठन की मर्यादा का उल्लंघन है।विशाल पुष्कर ने यह भी आरोप लगाया कि जिले में कुछ स्वयंभू युवा नेता संगठन और समाज के नाम पर केवल अपने प्रचार की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह तथाकथित “गैंग” युवाओं को भ्रमित कर रहा है और असली मुद्दों से ध्यान भटका रहा है।इस विवाद ने भाजपा के अंदर संभावित गुटबाजी और कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह वास्तव में एक लापरवाही थी या इसके पीछे कोई राजनीतिक रणनीति है? इस सवाल का जवाब अभी तक सामने नहीं आया है।स्थानीय लोग भी इस मामले को लेकर बंटे हुए हैं। कुछ इसे बड़ा मुद्दा मानते हैं, तो कुछ इसे अनावश्यक विवाद बताते हैं। हालांकि, इतना तो तय है कि इस पोस्टर ने जनभावनाओं को झकझोर जरूर दिया है।अब देखना यह होगा कि भाजपा नेतृत्व इस विवाद पर क्या रुख अपनाता है और क्या कोई आधिकारिक सफाई सामने आती है।

संवाददाता श्रवण कुमार वर्मा की रिपोर्ट

Check Also

छात्रा दिशा बनीं एक दिन की थानाध्यक्ष — ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत अनोखी पहल

🔊 Listen to this सिंदुरिया (महराजगंज)“बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत सिंदुरिया थाने में …