जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, करंट लगने से युवक की मौत

सिंदुरिया(महराजगंज)चौक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा नाथनगर में रविवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। चाचा की बेटी के जन्मदिन समारोह की तैयारी के दौरान डीजे का कनेक्शन जोड़ते समय 18 वर्षीय युवक करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाथनगर निवासी शनि पुत्र वीरेंद्र रविवार की शाम करीब सात बजे अपने चाचा की बेटी के जन्मदिन कार्यक्रम में डीजे चलाने की व्यवस्था कर रहा था। इसी दौरान वह बिजली का केबल जोड़ रहा था कि अचानक उसका संपर्क करीब 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से हो गया। तेज करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल महराजगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना अस्पताल से चौक थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और शव को घर ले आए। घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।बताया जाता है कि घटना के समय मृतक के पिता वीरेंद्र बेंगलुरु में थे, जबकि घर पर उसकी मां रीता देवी और दो भाई मौजूद थे। शनि तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता तत्काल घर के लिए रवाना हो गए।सोमवार को गमगीन माहौल में परिजनों व ग्रामीणों की मौजूदगी में शनि का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और हर किसी की आंखें नम हैं।
सिंदुरिया संवाददाता – रिंकू गुप्ता की रिपोर्ट

Check Also

अवैध खनन पर कार्यवाही, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली व एक लोडर सीज

🔊 Listen to this सिंदुरिया(महराजगंज)स्थानीय थाना क्षेत्र के आसपास के इलाकों में अवैध मिट्टी खनन …