भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव में संस्कृति और सौहार्द का अद्भुत संगम

झनझनपुर (महराजगंज)जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज परिसर में शुक्रवार को आयोजित भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव में सांस्कृतिक एकात्म का जीवंत दृश्य देखने को मिला। संस्कृति एवं पर्यटन विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भव्य शोभायात्रा से हुई। पारंपरिक वेशभूषा, वाद्ययंत्रों की मधुर धुन और मैत्री नारों के बीच निकली शोभायात्रा को कॉलेज के प्रबंधक डा. बलराम भट्ट तथा नेपाल पर्यटन बोर्ड के प्रमुख मणि राज लामिछाने ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।दीप प्रज्वलन व अतिथि संबोधन के बाद मंचीय प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह से भर दिया। जादूगर रामेश्वर गुप्ता के आकर्षक करतबों ने बच्चों व युवाओं को रोमांचित किया। लखनऊ की नीरजा श्रीवास्तव ने भक्ति गीतों से आस्था का वातावरण बनाया, वहीं अंबेडकर नगर की शैलजा भारती के लोकगीतों पर दर्शक झूम उठे। उन्नाव की प्रिया बाजपेयी व उनकी टीम ने लोकनृत्य की सजीव प्रस्तुति देकर रंग और लय का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। गोरखपुर के राकेश चंद्र श्रीवास्तव ने लोकगायन से ग्रामीण भावनाओं को स्वर दिया, जबकि मथुरा के दीपक शर्मा ने ब्रज के पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, सांसद प्रतिनिधि कृष्ण गोपाल जायसवाल, डिप्टी सीएमओ डा. केपी सिंह, तहसीलदार पंकज साही, नायब तहसीलदार देश दीपक त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

झनझनपुर संवाददाता – रंजीत शर्मा की रिपोर्ट

Check Also

बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत बैठक आयोजित

🔊 Listen to this सिंदुरिया(महराजगंज)विकास खंड मिठौरा क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरा सोनाडी में मंगलवार …