घुघली थाने के एसओ पर अमर्यादित भाषा के आरोप, पुलिसकर्मियों व आमजन में आक्रोश

महराजगंज। जनपद के थाना घुघली में तैनात थानाध्यक्ष गौरव कुंवर सिंह पर पुलिसकर्मियों एवं आम नागरिकों से अमर्यादित व अपमानजनक भाषा के प्रयोग के गंभीर आरोप लगे हैं। इन आरोपों के सामने आने के बाद पुलिस महकमे के भीतर असंतोष का माहौल बन गया है, वहीं स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व थाने के मुंशी को देर रात एक स्थान पर ड्यूटी के लिए भेजा गया था। उस समय अन्य पुलिसकर्मी उपलब्ध न होने के कारण मुंशी स्वयं ड्यूटी पर गया। ड्यूटी से लौटने के बाद उसके सो जाने को लेकर थानाध्यक्ष और मुंशी के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद से दोनों के बीच मनमुटाव बना हुआ है। इसी पृष्ठभूमि में हाल ही में लोक अदालत से संबंधित नोटिस की तामिला को लेकर थानाध्यक्ष द्वारा अमर्यादित भाषा का प्रयोग किए जाने का आरोप सामने आया है। इस बातचीत का कथित ऑडियो भी सामने आया है, जिससे मामला और तूल पकड़ता जा रहा है पुलिसकर्मियों का कहना है कि इस तरह के व्यवहार से मानसिक दबाव बढ़ रहा है और थाने का कार्य वातावरण प्रभावित हो रहा है। वहीं, स्थानीय लोगों का भी आरोप है कि आम नागरिकों के साथ भी दुर्व्यवहार किया जाता है, जिससे पुलिस की छवि धूमिल हो रही है। मामले को लेकर पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आम जनता में भी रोष व्याप्त है। लोग उच्चाधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

संवाददाता – श्रवण कुमार वर्मा की रिपोर्ट

Check Also

बिना परमिशन धड़ल्ले से खनन, खनन माफिया हावी – प्रशासन जांच में जुटा

🔊 Listen to this निचलौल(महराजगंज) स्थानीय तहसील क्षेत्र में अवैध खनन का खेल लगातार जारी …